नरैनी क्षेत्र के हड़हा गांव में गोली मारकर हुई हत्या का पुलिस ने किया पर्दाफाश
पुलिस ने बेटे तथा उसके सहयोगी को किया गिरफ्तार
UP TIMES NEWS- विगत दिनों सोते समय गोली मारकर हुई अधेड़ की हत्या का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पुत्र तथा उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। जिन्होंने जायदाद को लेकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा विभिन्न मामलों में वांछित चल रहे अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में थाना नरैनी क्षेत्र के ग्राम हड़हा में हुए ब्लाइंड मर्डर का नरैनी पुलिस सफल अनावरण करते हुए पुत्र तथा उसके साथी को गिरफ्तार किया है।

सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि थाना नरैनी क्षेत्र के ग्राम हड़हा में विगत 26 सितंबर की रात लगभग 01.30 बजे ग्राम हड़हा के रहने वाले मंसूर खान की अपने घर में सोते समय अज्ञात द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके सम्बन्ध में मृतक के पुत्र मासूक खान की तहरीर पर थाना नरैनी मे अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के द्वारा घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु क्षेत्राधिकारी नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया था। क्राइम सीन की बारीकी से जांच एवं घटनास्थल से प्राप्त वैज्ञानिक एवं तकनीकि साक्ष्यों के विवेचना से पुलिस को प्रथम दृष्टया किसी परिचित व्यक्ति द्वारा घटना को अंजाम दिया जाना प्रतीत हो रहा था। जो मृतक के सोने से पूर्व ही वहां मौजूद रहा हो। जांच एवं विवेचना तथा मृतक के करीबियों से पूछताछ के क्रम में पुलिस का शक स्वयं मृतक के पुत्र की ओर गया। पुलिस द्वारा मृतक के पुत्र मासूक खान को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने घटना को अपने सहयोकी की मदद से कारित करना स्वीकार किया। उसने बताया कि उसके दादा ने सेवा सत्कार करने पर अपनी मृत्यु से पूर्व 06 बीघा जमीन उसके नाम कर दी थी। उसके पिता (मृतक) ने उसकी शादी करवाने तथा उसका घर बनवाने के नाम पर उसकी 04 बीघा जमीन 44 लाख रुपये में बिकवा दी। तथा उसे मात्र 05 लाख रुपये दिए। साथ ही घर बनवाकर आधे घर पर कब्जा कर रखा था। मृतक ने अपने पुत्र से वादा किया था कि मरने से पहले वह अपनी 03 बीघा जमीन उसके नाम कर देगा। लेकिन अभियुक्त को उसके मित्र ने (सह-अभियुक्त) ने बताया कि उसका पिता 5वीं शादी करने जा रहा है और जिससे शादी कर रहा है। वहां पहले से तय हुआ है कि शादी से पूर्व वह अपनी पूरी सम्पत्ति उस महिला के नाम करेगा। मृतक मंसूर ने अपने करीबी मित्र इकबाल हुसैन (सह-अभियुक्त) को 07 बिस्वा जमीन बेचने का वादा किया था। लेकिन मृतक बेच नहीं रहा था। इसके कारण इकबाल हुसैनी भी उससे खुन्नस खाएं हुए था। इसी वजह से उसने अपने दोस्त के पुत्र मासूक खान को भड़काया कि तुम्हारा पिता तुम्हारी सारी सम्पत्ति हड़प गया, और 5वीं शादी कर रहा है। जिसे वह अपनी शेष सम्पत्ति भी दे देगा। अगर मैं होता तो उसे रास्ते से हटा देता। इकबाल हसन ने अभियुक्त मासूक खान के अवैध तमंचा व कारतूस दिया और कहा कि अपने पिता को रास्ते से हटा दो, नहीं तुम्हे कुछ नहीं मिलेगा। मासूक खान ने विगत 26 सितंबर की रात मंसूर खान की अवैध तमंचे से सीने पर 02 गोली मारकर हत्या कर दी। उसके उपरांत उसने वहां दूसरे कमरे में लेटी अपनी दिव्यांग बहन जो बिस्तर से उठ नहीं सकती, से कहा कि किसी को बताना नहीं। कोई पूछे तो कहना की कोई अज्ञात व्यक्ति आया था। जिसने गोली मारकर हत्या की और दरवाजे से भाग गया। यही बात उसने अपनी पत्नी से भी कही। पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से उसने थाना नरैनी पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा पिता की हत्या की तहरीर भी दी। पुलिस ने मासूक खान पुत्र मंसूर खान उम्र लगभग 20 वर्ष निवासी हड़हा थाना नरैनी,इकबाल हुसैन पुत्र जमील हुसैन उम्र लगभग 58 वर्ष निवासी हड़हा कोतवाली नरैनी को गिरफ्तार करते हुए अभियुक्त की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा,खोखा कारतूस व जिन्दा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार तिवारी,उप निरीक्षक मो0 इबरार सिद्दीकी,आरक्षी नागेश कुमार,रामसिंह पटेल,अनूप कुमार मिश्रा शामिल रहे।
