झांसी-दादा ने की गला दबाकर पोते की हत्या,भूसे में छिपाई लाश

जेब से पैसे निकल जाने के चलते आया गुस्सा

UP TIMES NEWS- दादा ने पोते की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को भूसे के ढेर में छिपा दिया। पुलिस ने जब कड़ाई से पूंछताछ की,तब उसने सारा राज उगल दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां जेब से महज सौ रुपये निकालने पर दादा ने मासूम बच्चे को मार डाला। इसके साथ ही शव को भूसे के ढेर में छिपा दिया। आरोपी दादा ने पुलिस को चकमा भी दिया। वह खुद मासूम को तलाश करने का नाटक करता रहा। जानकारी के अनुसार, मासूम बच्चे ने दादा की जेब से 100 रुपये निकाल लिए। इस पर दादा सरवन इतना नाराज हो गया कि उसने अपने आठ साल के इकलौते मासूम पोते मुकेश का गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसका शव भूसे के ढेर में छिपा दिया। पुलिस को चकमा देने के लिए कई घंटे उनके साथ शव को तलाशता रहा। शक होने के बाद सोमवार को पुलिस ने उससे पूछताछ की। इसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली। हत्यारोपी दादा ने पुलिस से कहा कि वह उसे मारना नहीं चाहता था। गुस्से में गला दबा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।

जेब से कोई न कोई सदस्य निकाल लेता था पैसा,तब आया गुस्सा
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे अभी पूछताछ कर रही है। क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि हत्यारोपी सरवन (50) बकरियां चराने जैसा छोटा मोटा काम करता था। कुछ पैसे मिलने पर वह अपने खर्चे के लिए रखता था। अक्सर यह पैसा कोई न कोई सदस्य निकाल ले जाता था। इस बात से वह परेशान था। उसकी जेब में सौ रुपये थे। यह पैसा भी कोई निकाल ले गया। शनिवार दोपहर को मुकेश के दिखने पर उसने यह बात उससे पूछी। मुकेश का जवाब सुनकर उसे गुस्सा आ गया। गुस्से में मुकेश का गला पकड़कर जोर से दबा लिया। उसके मुंह से खून निकल आया। कुछ देर में उसकी मौत हो गई। यह देखकर वह डर गया। चुपचाप उसकी लाश भूसे में फेंककर बकरियां चराने निकल गया।बता दें, शनिवार को मुकेश की लाश घर के अंदर भूसे के ढेर से बरामद हुई थी। मुकेश गांव के ही सरकारी विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। शनिवार को वह स्कूल नहीं गया था। सोमवार को पुलिस ने हत्यारोपी दादा सरवन को गिरफ्तार कर लिया। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी सरिता मिश्रा, उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार, विजय शंकर शुक्ला, भूमिराज सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *