मरने से पहले तीन पेज का लिखा सुसाइड नोट
एडीजीपी वाई पूरन कुमार पर लगाये सनसनीखेज आरोप
UP TIMES NEWS- चंडीगढ़ में हाई प्रोफाइल एडीजीपी वाई पूरण कुमार आत्महत्या मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि रोहतक पुलिस की साइबर सेल के एएसआई ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर लिया है। आत्महत्या करने से पहले तीन पेज के लिखे सुसाइड नोट में एडीजीपी पर गम्भीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
हरियाणा पुलिस की परेशानी कम नहीं हो रही है। एडीजीपी सुसाइड मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि मंगलवार दोपहर रोहतक पुलिस की साइबर सेल के एक एएसआई संदीप का खून से लथपथ शव लाढ़ोत-धामड़ रोड पर एक मकान में मिला है। आशंका है कि उसने कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या की है। हालांकि डीएसपी का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज होने व एफएसएल टीम की जांच के बाद ही पुख्ता तौर पर कुछ कहा जा सकेगा। जानकारी के अनुसार एएसआई संदीप एसपी कार्यालय स्थित साइबर सैल में तैनात थे। मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि संदीप का शव एक मकान में पड़ा है। मृतक ने सफेद रंग की शर्ट व नीले रंग की जींस पहन रखी थी। साथ ही चारपाई के पास उसका सर्विस रिवाल्वर पड़ा हुआ था। डीएसपी गुलाब सिंह मौके पर पहुंची और एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया को जांच के लिए बुलाया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से तीन पेज का सुसाइड नोट और एक वीडियो मैसेज बरामद किया है, जिसमें संदीप ने दिवंगत IPS अधिकारी वाई. पूरण कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। संदीप ने दावा किया कि पूरण कुमार भ्रष्ट अधिकारी थे, उनके खिलाफ कई सबूत मौजूद थे, और उन्होंने गिरफ्तारी के डर से आत्महत्या की। साथ ही, उन्होंने जातिवाद का सहारा लेकर सिस्टम को ‘हाईजैक’ करने का आरोप लगाया। संदीप ने अपनी ‘शहादत’ देकर जांच की मांग की और कहा कि पूरण परिवार को नहीं छोड़ा जाना चाहिए। यह घटना IPS पूरण कुमार की आत्महत्या के सात दिन बाद हुई है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
