इलाज के दौरान इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज में थमी सांसे
UP TIMES NEWS- ट्रेजरी घोटाले के मुख्य आरोपी की इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है।
चित्रकूट के बहुचर्चित 43.13 करोड़ रुपये के ट्रेजरी घोटाले में रविवार को बड़ा मोड़ आ गया। इस घोटाले के मुख्य आरोपी संदीप श्रीवास्तव की इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के साथ ही अब इस प्रकरण में प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।सूत्रों के अनुसार, संदीप को दो दिन पहले कोतवाली पुलिस पूछताछ के लिए लाई थी। बताया गया कि शनिवार शाम उसकी हालत कोतवाली में अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे जिला चिकित्सालय कर्वी लाया गया,जहां सीएमओ, सीएमएस और अपर पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में प्राथमिक इलाज किया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज इलाहाबाद रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। अब यह सवाल उठ रहा है कि पुलिस ने आरोपी को बिना किसी मजिस्ट्रेटी आदेश या लिखित अनुमति के 24 घंटे से अधिक समय तक कोतवाली में क्यों रखा गया।मामले को दबाने की कोशिश
यह भी जानकारी सामने आई है कि जिला चिकित्सालय में भर्ती की प्रक्रिया पुलिस की बजाय आरोपी के भाई के माध्यम से कराई गई थी। इससे यह शक गहराता जा रहा है कि मामले को प्रशासनिक स्तर पर दबाने की कोशिश की गई। पुलिस अधीक्षक का दावा है कि संदीप को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था और उसे हिरासत में नहीं रखा गया था।
