प्रदेशभर के बिजली कर्मी रहेंगे हड़ताल पर, लखनऊ के शक्ति भवन मुख्यालय पर दोपहर 12 बजे प्रदर्शन
लखनऊ। निजीकरण और ऊर्जा संशोधन बिल के विरोध में 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। इस हड़ताल में प्रदेश के सभी बिजली कर्मचारी शामिल होंगे।
बिजली कर्मियों ने आरोप लगाया है कि ऊर्जा क्षेत्र के निजीकरण और कथित उत्पीड़नात्मक कार्रवाइयों से कर्मचारियों के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से इन निर्णयों को तत्काल वापस लेने की मांग की है।
हड़ताल के तहत प्रदेश के सभी जिलों और विभिन्न परियोजनाओं पर बिजली कर्मी विरोध-प्रदर्शन करेंगे। राजधानी लखनऊ में दोपहर 12 बजे शक्ति भवन मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन प्रस्तावित है।
कर्मचारियों ने संविदा कर्मियों की छंटनी पर भी कड़ा विरोध जताया है। उनका कहना है कि लगातार की जा रही छंटनी से हजारों परिवार प्रभावित हो रहे हैं।
बिजली कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
