शोभायात्रा में जमकर थिरके श्रद्धालु,मनाया जश्न
UP TIMES NEWS- तिंदवारी(बांदा) आयोजित भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। गाजे-बाजे के साथ कस्बे के सभी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई।
भागवत कथा के पहले दिन कथा वाचक ने श्रीमद्भागवत महापुराण महत्व की जानकारी दी। कस्बे के रामलीला मैदान में गुरुवार को संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कथा स्थल से प्रारंभ हुई कलश यात्रा में पीले वस्त्र धारण किए बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों पर कलश उठाए श्रद्धा भाव के साथ शामिल हुई। वैदिक पूजन पाठ के बाद गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कस्बा स्थित मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। बड़ी संख्या में पीले वस्त्र धारण किए व सिर में कलश धारण कर महिलाएं शोभायमान हो रहीं थीं। ध्वनि यंत्रों और बैंड बाजों के बीच भजनों की मधुर धुन से सारा कस्बा भक्तिमय रहा। कस्बे के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करने के बाद कलश यात्रा कथा स्थल पहुंचकर खत्म हुई। कथा परीक्षित लोटन प्रसाद लखेरा व बिंदी देवी ने व्यासपीठ की आरती उतारी। अंतरराष्ट्रीय कथाव्यास पंडित मारुतिनंदनजी महाराज(वृन्दावन धाम) ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जीवन के उद्देश्य और दिशा को दर्शाती है। भागवत कथा सुनने मात्र से वहां का संपूर्ण क्षेत्र दुष्ट प्रवृत्तियों से खत्म होकर सकारात्मक उर्जा से सशक्त हो जाता है। बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से जन्म जन्मांतर के विकार नष्ट होकर प्राणी मात्र का लौकिक आध्यात्मिक विकास होता है। इस अवसर पर अनिल लखेरा सभासद , सुनील लखेरा, शंकर लखेरा, मुन्ना लखेरा, कालका लखेरा, रामविशाल, रामप्रताप, राजू , कृष्ण कुमार, राम बहोरी, रज्जन, राजेश, राकेश , मनोज कुमार गुप्त ,कमलाकांत त्रिवेदी, दीपू सोनी , अभिलाष गुप्ता(सभासद) ,राममिलन गुप्त, राहुल गुप्ता, रितेश गुप्ता, संतोष गुप्ता सहित तमाम महिलाएं-पुरुष उपस्थित रहे।
