बांदा : प्रेम प्रसंग में इंटर के छात्र ने ट्रेन से कटकर दी जान, क्योटरा रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला शव

बांदा। शहर के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जरैली कोठी मोहल्ले के एक 19 वर्षीय छात्र ने प्रेम प्रसंग के चलते ट्रेन से कटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। छात्र का शव मंगलवार की रात क्योटरा रेलवे क्रॉसिंग के पास दो हिस्सों में बंटा हुआ मिला। पुलिस ने जेब से मिले चालू मोबाइल के जरिए परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

परीक्षा की तैयारी के बीच उठाया खौफनाक कदम

मृतक राजा अनुरागी (19) पुत्र राजेंद्र कुमार अनुरागी, प्राइवेट से इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार, उसका परीक्षा केंद्र तिंदवारा गया था। मंगलवार को वह अपने दोस्तों के साथ सेंटर देखने भी गया था और लौटते समय परीक्षा के लिए पेन, पेंसिल और पटरी जैसी सामग्री भी खरीद कर लाया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह चंद घंटों बाद ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेगा।

शादी की जिद और घर वालों का इनकार

घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। मृतक के फुफेरे भाई देवानंद ने बताया कि राजा का परिवार की ही एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उस महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन घरवाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी मानसिक तनाव और परेशानी के चलते उसने क्योटरा रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

मां के फोन पर कहा था- ‘चौराहे पर हूं, अभी आता हूं’

मंगलवार शाम जब राजा बिना बताए घर से निकला, तो देर होने पर मां नीतू ने उसे खाना खाने के लिए फोन किया। राजा ने जवाब दिया कि वह चौराहे पर है और कुछ ही देर में घर आ जाएगा। इसके बाद उसका फोन रिसीव होना बंद हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब तलाशी ली, तो उसकी जेब में रखा मोबाइल फोन चालू था, जिससे उसकी शिनाख्त हो सकी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

राजा चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिवार पर यह दूसरी बड़ी विपत्ति है; इससे पहले उसके बड़े भाई श्याम बाबू की भी तालाब में डूबने से मौत हो चुकी है। एक और जवान बेटे को खोने के बाद माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस कार्रवाई: कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *