जनपद के 18 थानों में स्थापित किए गए मिशन शक्ति केंद्र
नवरात्रि के पहले दिन से होगी व्यापक प्रचार प्रसार की शुरुआत
UP TIMES NEWS- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा वर्चुअली मिशन शक्ति 5.0 अभियान का शुभारंभ किया गया। साथ ही प्रदेश के सभी 1647 थानों में नवस्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों का मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया। जनपद में पुलिस लाइन सहित सभी थानों में कार्यक्रम का प्रोजेक्टर के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया।
महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण को बढ़ावा देते हुए शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा मिशन शक्ति 5.0 अभियान का वर्चुअली शुभारम्भ किया गया। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 1647 थानों में नवस्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने किया।

सीएम के उद्घाटन के पश्चात जनपद के 18 थानों में मिशन शक्ति केन्द्र का शुभारम्भ हुआ। पुलिस लाइन सहित जनपद के सभी थानों में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जिसमें जनप्रतिनिधिगण,अधिकारी/कर्मचारी गण,महिला बीट पुलिस अधिकारी तथा स्थानीय महिलाओं एवं छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। मिशन शक्ति 5.0 अभियान का पहला चरण आगामी शारदीय नवरात्र से शुरू होगा।

रविवार को पुलिस लाइन से महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा स्कूटी रैली निकाली जाएगी। जिसके माध्यम से महिलाओं/बालिकाओं को उनकी सुरक्षा एवं सशक्तीकरण हेतु शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी जाएगी। पुलिस लाइन में एएसपी शिवराज,सहायक एसपी मेविस टॉक के द्वारा महिला कर्मियों के बीच संवाद किया गया। जहां उन्होंने कार्यक्रम से संबंधित जानकारियां साझा की। सीओ बबेरू सौरभ सिंह ने कोतवाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आत्मनिर्भर के साथ सशक्त बनने पर जोर दिया। अतर्रा थाने में सीओ प्रवीण कुमार की मौजूदगी में मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां सरकार द्वारा संचालित टोल फ्री नंबरों के बारे में उनके द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। इस मौके पर डिप्टी एसपी पीयूष पांडे, प्रभारी निरीक्षक ऋषि देव सिंह आदि मौजूद रहे।

नरैनी में सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी ने चलाये जा रहे मिशन शक्ति कार्यक्रम के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। इधर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल द्वारा सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक रुप से जागरुकता अभियान चलाया जाए। अभियान के अन्तर्गत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा स्कूलों,कॉलेजों,ग्राम सचिवालयों,बाजारों आदि स्थानों पर चौपाल का आयोजन कर महिलाओं/बालिकाओं को उनकी सुरक्षा एवं सशक्तीकरण हेतु शासन द्वारा चलाई जा विभिन्न योजनाओं एवं हेल्पलाइन नम्बरों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
