मनरेगा जेई ने फांसी लगाकर दी जान, शादी की पहली सालगिरह से पहले घर में मातम

बांदा। शहर के किरन कॉलेज चौराहा क्षेत्र में सोमवार रात एक मनरेगा जेई (जूनियर इंजीनियर) ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक शराब का लती था और पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे परिजन

किरन कॉलेज चौराहा निवासी शोभित दुबे (35), पुत्र नारायण प्रकाश दुबे, महुआ ब्लॉक में संविदा पर मनरेगा जेई के पद पर तैनात थे। सोमवार रात उन्होंने कमरे के अंदर छत के छल्ले से चादर का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले, तो परिजनों ने कुंडी खटखटाई। कोई हलचल न होने पर दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर शोभित का शव फंदे पर लटकता मिला।

शादी को अभी एक साल भी नहीं हुआ था

मृतक के चचेरे भाई आशीष दुबे ने बताया कि शोभित की शादी पिछले साल 24 फरवरी को हुई थी। कुछ ही दिनों में उनकी शादी की पहली सालगिरह थी, लेकिन उससे पहले ही इस आत्मघाती कदम ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शोभित कोचिंग पढ़ाने का काम भी करते थे। वह दो भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर थे।

तनाव और नशे की लत बनी वजह!

कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शोभित नशे के आदी थे और लंबे समय से मानसिक तनाव में चल रहे थे। संभवतः इसी अवसाद के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *