70 वर्ष के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के लिए कमिश्नर ने किया निर्देशित
मरीजो को बाहर की दवाये न लिखने की दी हिदायत
UP TIMES NEWS- बैठक में आयुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं की समय से जांच कराने के साथ टीकाकरण कराये। किसी भी मरीज को बिना इलाज के वापस न करें। अगर शिकायत मिली तो संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल,अजीत कुमार की अध्यक्षता में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मण्डलीय एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आयुक्त अजीत कुमार ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि जिन संकेतकों पर प्रगति संतोषजनक नहीं है, उनमें आगामी माह तक ठोस सुधार परिलक्षित होना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाए,ताकि उन्हें बेहतर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो सकें।स्वास्थ्य नारी,सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत सभी पात्र महिलाओं को आच्छादित करने,गर्भवती महिलाओं का समय-समय पर ए.एन.सी. जांच एवं टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने बाँदा एवं हमीरपुर के सीएमओ को आई.पी.एच.एल. को आगामी बैठक से पूर्व हर दशा में क्रियाशील कराने के सख्त निर्देश दिए।आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि आशा एवं संगनी कार्यकत्रियों का मानदेय तत्काल भुगतान किया जाए तथा सभी संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों का ई.पी.एफ. उनके पी.एफ. खातों में जमा कराया जाए। ऐसा न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डॉक्टरों को ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से ई-ओपीडी सेवाएं संचालित करने और आमजन को इसके प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। मरीजों की सुविधा को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने कहा कि अस्पतालों में पंजीकरण व्यवस्था को डिजिटल व सरल बनाया जाए,ताकि मरीजों को लम्बी लाइनों से राहत मिल सके। इसके लिए ड्राइफकेस एवं आभा आईडी जैसी डिजिटल प्रणालियों को अपनाने और जनता को प्रेरित करने की आवश्यकता बताई।आयुक्त अजीत कुमार ने यह भी कहा कि जननी सुरक्षा योजना से संबंधित कोई भी आवेदन लंबित न रहे। अस्पतालों में डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और मरीजों के साथ सहजता एवं शालीनता से व्यवहार किया जाए। सभी आवश्यक दवाएं सरकारी अस्पताल से उपलब्ध कराई जाएं,तथा जो दवा अस्पताल में उपलब्ध न हो, उसे प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्र से प्राप्त करने हेतु मरीजों को प्रेरित किया जाए। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत अधिकाधिक महिलाओं को लाभ पहुँचाया जाए तथा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाए। आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सरल,सहज एवं प्रभावी रूप में पहुँचाने की है। जिसके लिए सभी अधिकारी निष्ठा,ईमानदारी एवं समर्पण भाव से कार्य करें।
