बाँदा-शिकायतों का निस्तारण न होने पर शिक्षकों ने किया धरने का ऐलान

16 सितंबर को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में शिक्षक देंगे धरना

UP TIMES NEWS- समस्याओं के निस्तारण न होने पर शिक्षकों ने धरना प्रदर्शन का एलान किया है। उन्होंने कहा है कि कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया है। जिसको लेकर 16 सिंतबर को शिक्षक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में धरना देंगे।
उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजकिशोर शुक्ल व जिला मंत्री भारत भूषण दिवाकर ने बताया कि जनपद के जिला विद्यालय निरीक्षक को शिक्षक संघ लगातार शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराया जा रहा है किन्तु जिला विद्यालय निरीक्षक की शिक्षक समस्याओं के प्रति उदासीनता से क्षुब्ध होकर जिला संगठन आगामी 16 सितंबर से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में धरने की योजना बना चुका है और इसकी सूचना भी संगठन के पत्र के माध्यम से अधिकारियों को दे दी गई है। संगठन के जिलाध्यक्ष राजकिशोर शुक्ल ने बताया कि जिला संगठन अपने पत्रों द्वारा जनपदीय शिक्षक समस्याओं जैसे शिक्षा निदेशक द्वारा जारी नागरिक संहिता को कार्यालय में लागू न करना, पं0 जवाहर लाल नेहरू अखण्ड इंटर काॅलेज चन्दवारा के समस्त स्टाफ का वेतन अकारण रोके रखना, पुरानी पेंशन से आच्छादित नवीन शिक्षकों के एनपीएस कटौती की धनराशि को उनके जीपीएफ खाते में स्थानान्तरित न किया जाना, चयन व प्रोन्नत वेतनमान को निर्धारण न किया जाना और कार्यालय में लंबित रखना, अवशेषों का भुगतान वित्त नियंत्रक के आदेशश् उपरांत भी न किया जाना आदि अनेकानेक समस्याएं कार्यालय स्तर में लंबित है, जिनकी जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक की है। जिला मंत्री भारत भूषण दिवाकर ने कहा कि संगठन ने अपने पत्रों के माध्यम अनुरोध किया था किन्तु समस्याएं जस की तस है, एक भी पत्र ऐसा नही है, जिसके सभी बिन्दुओं का निस्तारण कर दिया गया हो। जिला संगठन का कहना है कि बेहतर होगा कि जिला विद्यालय निरीक्षक शिक्षकों की समस्याओं का समय रहते समाधान करा दें, जिससे बेवजह धरने आदि की स्थिति उत्पन्न न हो। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा कई बार आश्वासन दिया गया किन्तु आश्वासन अभी तक पूरे नही किए गए। यदि जिला संगठन द्वारा विगत 20 अगस्त के धरने में दिए गए ज्ञापन के शिक्षक समस्याओं के सभी 14 बिन्दुओं का निस्तारण नही कराया जाता तो धरना अनवरत जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *