कई लोगों ने मिलकर सिपाही पर किया था जानलेवा हमला
एक अभियुक्त को पुलिस पहले ही भेज चुकी है जेल
UP TIMES NEWS- सिपाही पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को महिला पुलिस की टीम ने दबोच लिया है। गिरफ्तार करने के बाद अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु की जा रही कार्यवाही के क्रम में थाना तिन्दवारी पुलिस द्वारा पीएसी के सिपाही पर जानलेवा हमला करने वाले उसके एक और पारिवारिक/पड़ोसी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। कुरसेजा चौकी प्रभारी रोशनी सेंगर ने बताया कि थाना तिन्दवारी क्षेत्र के ग्राम परसौड़ा के रहने वाले शिवशरन पुत्र भवन ने विगत 23 अक्टूबर को थाना तिन्दवारी पर सूचना दी कि उनके पुत्र सुनील जो प्रयागराज में पीएसी में सिपाही के पद पर तैनात है,को उनके ही पारिवारिक व पड़ोसी लोगों नें धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर गम्भीर रुप से चोट पहुंचा दिया है। जिसके सम्बन्ध में थाना तिन्दवारी पर अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में बुधवार को मुखबिर की सूचना पर गजनी मोड़ पपरेंदा रोड़ के पास से अभियुक्तदेवकुमार पुत्र श्रीपाल निवासी परसौड़ा थाना तिन्दवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके पूर्व में एक अभियुक्त को पहले पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कुरसेजा चौकी प्रभारी रोशनी सेंगर,महिला आरक्षी ज्योति शुक्ला आदि शामिल रहे।
