अपराधी गोल्डी बरार के गुर्गे रोहित गोदारा ने ली घटना की जिम्मेदारी
हेलमेट पहनकर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ की फायरिंग
UP TIMES NEWS- अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। फायरिंग की जिम्मेदारी अपराधी गोल्डी बरार के गुर्गे रोहित गोदारा ने ली है। सुरक्षा की लिहाज से अभिनेत्री के घर में फोर्स की तैनाती की गई है।
बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर शुक्रवार तड़के साढ़े तीन बजे नौ राउंड फायरिंग की गई। बाइक सवार दो आरोपी फायरिंग कर नैनीताल हाईवे की ओर भाग निकले। इनमें आगे बैठा युवक हेलमेट लगाए है। चर्चित अपराधी गोल्डी बरार के गुर्गे रोहित गोदारा की आईडी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर वारदात की जिम्मेदारी ली गई है।

इसमें स्वामी अनिरुद्धाचार्य व स्वामी प्रेमानंद पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर गुस्सा जताया गया है। भविष्य में ऐसा करने पर जान से मारने की धमकी दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के दौरान दिशा पाटनी के पिता सेवानिवृत्त सीओ जगदीश पाटनी, मां और बहन सेवानिवृत्त मेजर खुशबू पाटनी समेत तीन लोग घर में सो रहे थे। एसएसपी ने वारदात के राजफाश के लिए एसपी सिटी व एसपी क्राइम के नेतृत्व में पांच टीम गठित की हैं। अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में जुट गई हैं। एजेंसियों के द्वारा हर पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस लाइन सटा है इलाका
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस लाइन परिसर से सटे इलाके में रहने वाले सेवानिवृत्त सीओ जगदीश चंद्र पाटनी ने शुक्रवार तड़के पुलिस को सूचना दी कि उनके दरवाजे पर फायर करके कुछ लोग भाग गए हैं। पुलिस पहुंची तो घर की बालकनी के छज्जे पर फायरिंग के कई निशान मिले। तीन बर्स्ट फायर की पुष्टि हुई, जिससे नौ राउंड फायरिंग का प्रमाण मिल रहा है। सुरक्षा के लिहाज से अभिनेत्री के घर में फोर्स की तैनाती की गई है।
