गोरखपुर-युवक की मौत पर बवाल,पुलिस पर किया पथराव

पथराव में कई पुलिस कर्मी हुए घायल

मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार

UP TIMES NEWS- युवक की मौत में सड़क पर जाम लगाकर भीड़ न जमकर हंगामा काटा। पुलिस पर पथराव कर दिया। जिससे कई पुलिस कर्मी घायल हो गए। मशक्कत के बाद भीड़ पर काबू पाया जा सका।


गोरखपुर के गीडा इलाके में रॉड से हमले में घायल, गीडा थाना क्षेत्र के जवाहर चक निवासी हनुमान चौहान (40) की मौत के बाद मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने सुबह से लेकर दोपहर तक नौसड़ चौराहे और खजनी मोड़ के बीच तीन घंटे तक हंगामा किया। ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर सड़क जाम कर दी। पुलिस टीम पर पथराव किया। इसमें महिला सिपाही और दरोगा समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, गीडा थाना क्षेत्र के जवाहर चक निवासी अदालत चौहान के बेटे हनुमान चौहान पर बीते चार अक्तूबर को गांव के ही एक युवक ने रॉड से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल हनुमान को पहले जिला अस्पताल और बाद में लखनऊ रेफर किया गया था। सोमवार शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मारपीट का दर्ज हुआ था मुकदमा
हनुमान पर बीते चार अक्तूबर को हुए हमले में पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने जानलेवा हमले की जगह सिर्फ मारपीट और धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया था। इससे आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इसी बीच हनुमान की हालत बिगड़ी और सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद गुस्से में आए ग्रामीणों ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई।

मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चार को किया अरेस्ट
चौकी इंचार्ज की तहरीर पर पांच नामजद और 50 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही मृतक के परिवार को सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। घटना में शामिल एक आरोपी रोशन को गिरफ्तार कर पुलिस पहले ही जेल भिजवा चुकी है। अन्य आरोपियों का भी नाम पीड़ित परिवार ने बताए हैं। जांच कर अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *