दूसरे चालक ने कूद कर बचाई अपनी जान
आग लगने के चलते घण्टों बाधित रहा आवागमन
UP TIMES NEWS- महोबा जनपद के कबरई बाईपास के नजदीक दो डंफरों की बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के दौरान अचानक आग लग गई। जिस पर एक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं दूसरे चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।
महोबा जिले में कानपुर-सागर हाईवे से कबरई बाईपास मोड़ पर बुधवार की देर रात दो डंपरों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद आग लग गई। दोनों वाहनों में आग लगने से एक डंपर के चालक हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के पचखुरा खुर्द निवासी चालक सोनू (30) उर्फ अशोक खंगार केबिन में फंस जाने के कारण जिंदा जल गया,जबकि दूसरे डंपर के चालक-परिचालक ने कूदकर जान बचा ली। आग इतनी भीषण थी कि हाइवे में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
एक घंटे बाद पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक दोनों डंपर जल गए। आग बुझने के बाद चालक के शव को बाहर निकाला जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक समय रहते आग बुझाई जाती, तो चालक को जिंदा निकाला जा सकता था। थानाध्यक्ष कबरई सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि मृतक चालक के परिजनों को सूचना देकर शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। कहा कि जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
