गमछे से गला दबाकर हत्या करने वाला आरोपी सूरज गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त गमछा बरामद
बांदा। जनपद के बबेरू थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरवल गांव में 10 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या के आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त गमछा भी बरामद कर लिया गया है।
ज्ञात हो कि 7 फरवरी को मुरवल गांव के पास खेत में एक किशोर का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने गमछे से गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त गमछा भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्या बोले सीओ बबेरू
क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है तथा हत्या में प्रयुक्त गमछा बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। मामले की जांच जारी है।
