वायरस की तरह फैल रहा साइबर अपराध-संजीव

एडीजी जोन प्रयागराज ने बांदा जनपद का किया औचक दौरा

रिक्रूट आरक्षियों से संवाद करने के साथ साइबर थाने का एडीजी ने किया निरीक्षण

कुलदीप गुप्ता

UP TIMES NEWS- वायरस की तर्ज पर दिन प्रतिदिन साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। साइबर अपराधों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इसको लेकर थानों में साइबर डेस्क की स्थापना कराई जाएगी। प्रत्येक थानों में साइबर अपराध रोकने के लिए निरीक्षक तथा उपनिरीक्षक को स्पेशल तौर पर तैनात किया जाएगा। उपरोक्त बाते अपर पुलिस महानिदेशक जोन प्रयागराज ने जनपद दौरे के दौरान कहीं।
अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन, डॉ. संजीव गुप्ता द्वारा पुलिस उप महानिरीक्षक चित्रकूट धाम परिक्षेत्र राजेश एस. व पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के साथ पुलिस लाइन में प्रशिक्षणरत रिक्रूटों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया तथा पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिक्रूटों को उच्च स्तर का प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। ताकि वह भविष्य में चुनौतियों का प्रभावी रूप से सामना कर सकें। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन, डॉ. संजीव गुप्ता ने परेड ग्राउंड,बैरक,भोजनालय, शौचालय,शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर रिक्रूटों से संवाद किया। साथ ही साइबर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एडीजी संजीव गुप्ता ने साइबर अपराधों से संबंधित मामलों की समीक्षा की और थाने में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, स्टाफ की दक्षता तथा कार्यपद्धति का अवलोकन किया। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि तकनीकी उपकरणों का अधिकतम उपयोग कर मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पत्रकारों से बातचीत करने के दौरान एडीजी संजीव गुप्ता ने कहा कि मौजूदा समय में साइबर अपराध वायरस की तरह फैल रहा है। फ्रॉड होने पर कोई भी व्यक्ति सूचना देने में देरी न करें। टोल फ्री नंबर 1903 के अलावा वेबसाइट एवं साइबर थाना तथा स्थानीय थाने में तत्काल अपनी शिकायत की सूचना दें। जितना जल्दी सूचना मिलेगी। उतनी ही जल्दी कार्यवाही तेज होगी। सही समय पर सूचना मिलने पर पुलिस टीम द्वारा बैंक से संपर्क कर तत्काल पैसा होल्ड करने की पहल की जाएगी। एडीजी ने कहा कि थानों में साइबर डेस्क की स्थापना कराई जाएगी। एक निरीक्षक तथा उप निरीक्षक को साइबर अपराध के प्रति प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षित कर्मियों को थाने में स्पेशल पोस्टिंग की जाएगी। केवल उनका साइबर अपराध करने का कार्य रहेगा। तत्पश्चात एडीजी संजीव गुप्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। डीआईजी राजेश एस,एसपी पलाश बंसल की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याओं को सुना। तथा उनकी समस्याओं को त्वरित निस्तारण हेतु संबन्धित को आवश्यक आदेश-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी शिवराज,सीओ पीयूष पांडे,प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *