तेज बहाव को देखते हुए पुलिस और तैराकों की तैनाती
प्रशासन ने लोगों से रपटा पुल पार न करने की अपील
जलस्तर पर लगातार नजर, जरूरत पड़ने पर बढ़ेगी सुरक्षा व्यवस्था
जसपुरा/बांदा। लगातार हो रही बारिश के चलते चंद्रावल नदी का जलस्तर बढ़ने से गुरुवार शाम अमारा-गौरी कला रपटा पुल पर तेज बहाव शुरू हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पुल पर पुलिस बल के साथ प्रशिक्षित तैराकों की भी तैनाती की गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ऋषिदेव सिंह ने बताया कि शाम करीब चार बजे से रपटा पुल के ऊपर पानी का बहाव तेज होने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पुल के दोनों ओर निगरानी शुरू कर दी गई। आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क करते हुए तेज बहाव के दौरान रपटा पुल पार न करने की हिदायत दी गई है।
उन्होंने बताया कि पुल पर पुलिस की दो शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल एवं राहत दल को भी मौके पर तैनात किया जाएगा।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी और रपटा पुल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं, बच्चों और मवेशियों को नदी के किनारे न जाने दें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नदी के जलस्तर में होने वाले प्रत्येक बदलाव पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
