केन नदी पुल पर कार-बाइक की टक्कर, युवक की मौत, चचेरा भाई गंभीर घायल

ससुराल से अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहा था युवक, परिवार में मचा कोहराम

पैलानी/बांदा। पैलानी थाना क्षेत्र स्थित केन नदी पुल पर सोमवार को कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पैलानी निवासी विनोद वर्मा (30) पुत्र रामसुफल वर्मा अपने चचेरे भाई मुन्नू के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। केन नदी पुल पर सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद की मौत हो गई, जबकि मुन्नू का उपचार जारी है।

मृतक के दादा रामसुफल ने बताया कि विनोद अपनी ससुराल बांदा गया था, जहां उसकी सास का निधन हो गया था। अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद वह घर लौट रहा था। रास्ते में पैलानी में दवा लेकर लौट रहे अपने चचेरे भाई मुन्नू को भी उसने बाइक पर बैठा लिया। घर पहुंचने से पहले ही केन नदी पुल पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।

परिजनों के अनुसार, विनोद मजदूरी का कार्य करता था और करीब एक माह पहले ही केरल से घर लौटा था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था। अपने पीछे पत्नी वंदना, पुत्र कल्लू और पुत्री मीनाक्षी को छोड़ गया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां बिजरनिया और पत्नी वंदना का रो-रोकर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष राममोहन राय ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *