डीआईजी तथा डीएम,एसपी शहर का भ्रमण करते हुए लिया सुरक्षा का जायजा
मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत महिलाओं से अधिकारियों ने किया संवाद
UP TIMES NEWS- त्यौहार की सुरक्षा तथा मिशन शक्ति कार्यक्रम को लेकर पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमणशील है। भ्रमण करने के साथ महिलाओं को लगातार जागरुक कर रहे हैं।
नवरात्र, दशहरा आदि त्यौहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाने तथा आमजनमानस में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने हेतु सोमवार को उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस,डीएम जे.रीभा व पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल द्वारा शहर क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ रुट मार्च किया गया।

बाबूलाल चौराहा,मुख्य बाजार, महेश्वरी देवी मन्दिर व रेलवे स्टेशन सहित मिश्रित आबादी वाले व भीड-भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गस्त करते हुए अधिकारियों के द्वारा आम लोगों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ किया गया। रूट मार्च के दौरान मिशन शक्ति-5.0 के अंतर्गत महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा के उपायों एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान पंपलेट वितरित किए गए तथा महिलाओं से सुरक्षा संबंधी फीडबैक भी लिया।

अधिकारियों ने दुकानदारों, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से भी वार्ता कर शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही त्यौहारों के अवसर पर भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करने हेतु कहा गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज,सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक व सिटी मजिस्ट्रेट संदीप केला सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
