बाँदा-दीवान जी बनकर बाइक में बैठे,फिर काट ली जेब,पुलिस ने पकड़ा जेबकतरों का गैंग

कोतवाली क्षेत्र में ताबड़तोड़ वारदातों को दे रहे अंजाम

राजस्व निरीक्षक सहित तीन को अब तक बना चुके थे शिकार

UP TIMES NEWS- कोतवाली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने जेबकतरों के गैंग को पकड़ा है। जो पिछले कई दिनों से शहर क्षेत्र में तहलका मचाए हुए थे। गिरोह की कब्जे से 94 हजार से अधिक की नगदी तथा अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु की जा रही कार्यवाही के क्रम में थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा जेबकतरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के 03 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। सहायक एसपी मेविस टॉक ने बताया कि गिरवां क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग के रहने वाले शिवकरन पुत्र मुरली की विगत 23 सितंबर को ई-रिक्शा से जाते समय रिक्शे में ही सवार एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा कालूकुआं ओवर ब्रिज से उसकी जेब काटकर 15 हजार रुपए निकालकर एक अन्य साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग गये थे। वहीं दूसरी घटना में ग्राम सिकरी थाना कमासिन के रहने वाले एलआईसी बीमा अभिकर्ता रामकुमार पुत्र रामआसरे की 26 सितंबर को एलआईसी प्रिमियम की किस्त जमा करने जाते समय नये ओवरब्रिज के पास मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति पास आकर बोले कि दिवान जी को स्टेशन तक छोड़ दो। जब वह व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर बैठाकर स्टेशन के नजदीक पहुंचा तो पीछे बैठा व्यक्ति उनका जेब काटकर 54 हजार रुपए निकालकर मोटरसाइकिल से कूदकर दोबारा उसी व्यक्ति के मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग गया। एक अन्य घटना में जनपद के रहने वाले राजस्व निरीक्षक सिपाही लाल की विगत 12 सितंबर को ई-रिक्शा से कचहरी से जाते समय कालूकुआं ओवरब्रिज के पास साथ में बैठे अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी जेब काटकर 50 हजार रुपए निकाल लिए गए थे। इस सम्बन्ध में सभी के द्वारा दिए गए तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्तों की पहचान व गिरफ्तारी हेतु एसपी पलाश बंसल के द्वारा टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी कैमरे आदि की मदद से अभियुक्तों की पहचान करते हुए मंगलवार को थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम द्वारा महोखर बाइपास के पास से जेबकाटने की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के
शिवा पुत्र कन्नौजीलाल निवासी मेहरुपुर रावी थाना कमालगंज जनपद फर्रुखाबाद,जितेन्द्र पुत्र पिल्लु निवासी मेहरुपुर रावी थाना कमालगंज, मिथुन पुत्र राम नारायण निवासी मेहरुपुर रावी थाना कमालगंज जनपद फर्रुखाबाद को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 91 हजार 430 रुपए नगद,03 सर्जिकल ब्लेड व मोबाइल फोन बरामद हुआ है। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह अपने साथियों के साथ जनपद बांदा व आस-पास के जनपदों में लोगों की जेब काटकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते है।अभियुक्त मिथुन से उसके सिर पर लगे चोटों के बारे पूछने पर बताया कि दिनांक 27 सितंबर को बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस वे पर डिवाइडर से टकराकर गिरने से उसके सिर पर चोटें आई है। सहायक एसपी ने कहा कि अभियुक्तों के गिरफ्तार करने के बाद में पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है कि अभियुक्तों द्वारा और किन-किन स्थानों पर जेब काटने की घटना को अंजाम दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी मण्डी समिति आशुतोष त्रिपाठी,उप निरीक्षक गजेन्द्र सिंह,पंकज चौरसिया आरक्षी प्रशान्त कुमार,सागर यादव,फिरोज अंसारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *