गुगौली में आरसीसी सड़क निर्माण पर भ्रष्टाचार के आरोप, डीएम से जांच की मांग

तीन लाख की लागत वाली सड़क पर घटिया निर्माण का आरोप, ठेकेदार पर गुंडागर्दी करने की शिकायत

बांदा। तिंदवारी विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुगौली में आरसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। गांव के किसान धर्मराज सिंह ने जिलाधिकारी बांदा को शिकायत पत्र सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

शिकायतकर्ता ने आज ही मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बांदा से मिलकर भी पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग उठाई। उनका आरोप है कि करीब तीन लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही आरसीसी सड़क में मानकों की अनदेखी की जा रही है और निर्माण कार्य बेहद घटिया स्तर का है।

धर्मराज सिंह का कहना है कि आरसीसी सड़क को सही तरीके से बनाने के बजाय लीपापोती कर मिट्टी की सड़क जैसा रूप दे दिया गया है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी हो रही है और सरकार की छवि धूमिल हो रही है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने निर्माण कार्य में खामियों का विरोध किया तो ठेकेदार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गुंडागर्दी की।

ग्रामीणों में निर्माण कार्य को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण की तकनीकी जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और ग्रामीणों को न्याय कब तक मिल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *