बांदा रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से अभद्रता का आरोप, आरपीएफ कर्मियों पर कार्रवाई की मांग

महिला पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार का आरोप, निष्पक्ष जांच की उठी मांग

बांदा। रेलवे स्टेशन परिसर में पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। इस संबंध में पत्रकारों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 22/23 मार्च 2026 की रात लगभग 12 बजे कुछ युवक रेलवे स्टेशन परिसर में बैनर लगा रहे थे। इसी दौरान आरपीएफ के एएसआई संतोष कुमार अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और युवकों को पकड़कर आरपीएफ पोस्ट ले गए।

घटना की सूचना मिलने पर पत्रकार नीरज निगम मौके पर पहुंचे और जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उन्हें भी रोक लिया गया। इसके बाद ललित कुमार और महिला पत्रकार रूपा गोयल भी मौके पर पहुंचीं।

पत्रकारों का आरोप है कि एएसआई संतोष कुमार ने महिला पत्रकार सहित अन्य पत्रकारों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धक्का-मुक्की की। आरोप यह भी है कि मोबाइल फोन छीनकर फेंक दिया गया तथा महिला पत्रकार के साथ अनुचित व्यवहार किया गया। मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों—राजकुमार राजपूत और सरन राजभर—पर भी अभद्रता के आरोप लगाए गए हैं।

पत्रकारों ने इसे अपने अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि यह घटना कानून व्यवस्था के विपरीत है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *