बुंदेलखंड के लिए बड़ी सौगात, रेलवे दोहरीकरण परियोजना तेजी से अंतिम चरण की ओर

खैराड़ा से मानिकपुर तक निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की हुई समीक्षा, समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश

बांदा। बुंदेलखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में रेलवे दोहरीकरण परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। खैराड़ा से मानिकपुर तक चल रहे रेलवे दोहरीकरण कार्य का रविवार को रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान झांसी मंडल के डीआरएम अनुरुद्ध कुमार, सीआरएस प्रंजीव सक्सेना, सीएओ अजीत यादव एवं पीसीईई संजीत कुमार ने खुरहंड, अतर्रा और बदौसा रेलवे स्टेशनों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने रेलवे भवनों, प्लेटफॉर्म, नई रेल लाइन और अन्य निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा की।

वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दोहरीकरण परियोजना पूरी होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम और व्यवस्थित होगा। इससे ट्रेनों की आवाजाही में तेजी आएगी, परिचालन क्षमता बढ़ेगी तथा यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी।

रेलवे के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के पूरा होने से बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही मालगाड़ियों के संचालन में भी सुधार होगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *