एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर कोतवाली देहात पुलिस की कार्रवाई, 9 मोबाइल और एक बाइक भी बरामद
बांदा। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मवई बाईपास रोड पर नशा मुक्ति केंद्र के पास चल रहे एक बड़े जुआ फड़ पर छापेमारी कर 8 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने 2 लाख 6 हजार 610 रुपये नगद, ताश के पत्ते, 9 मोबाइल फोन, 3 चार पहिया वाहन (कार) और 1 मोटरसाइकिल बरामद की है।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौबे ने बताया कि मंगलवार देर शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि मवई बाईपास रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र के पास कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी दुर्विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और बताए गए स्थान पर तुरंत घेराबंदी कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मौके पर भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए 8 लोगों को धर दबोचा।

तालाशी के दौरान पुलिस को मालफड़ और जामा तलाशी से कुल ₹2,06,610 नगद, 52 अदद ताश के पत्ते, 9 मोबाइल, 1 बाइक और 3 चार पहिया वाहन मिले, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है।

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान प्रिन्सू, विवेक, राजेश, शिवप्रकाश, अनूप, अर्जुन व शिवम (सभी निवासीगण महोखर, थाना कोतवाली देहात) और रंजीत (निवासी राजपूत नगर, थाना कोतवाली नगर) के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 210/26, धारा 13 (सार्वजनिक जुआ अधिनियम) के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी दुर्विजय सिंह समेत 8 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
एक नजर में बरामदगी व कार्रवाई
बरामदगी: ₹2,06,610 कैश, 3 कारें, 1 मोटरसाइकिल, 9 मोबाइल फोन और 52 ताश के पत्ते।
गिरफ्तार अभियुक्त: 8 (7 महोखर और 1 राजपूत नगर निवासी)।
दर्ज केस: मु0अ0सं0 210/26 (धारा 13, सार्वजनिक जुआ अधिनियम)।
कार्रवाई टीम: थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौबे, चौकी प्रभारी दुर्विजय सिंह व 8 पुलिसकर्मी।
