बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर
अतर्रा रोड स्थित कौशल्या गार्डन में हुई चित्रकूट धाम मंडल की स्तरीय समीक्षा बैठक
कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का आह्वान
बसपा सुप्रीमो मायावती के दिशा-निर्देशों से पदाधिकारियों को कराया गया अवगत
बाँदा। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने ‘मिशन-2027’ की तैयारियों का शंखनाद कर दिया है। रविवार को अतर्रा रोड स्थित कौशल्या गार्डन में चित्रकूट धाम मंडल की मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान को तेज करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर गहन मंथन हुआ। मौजूद सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार बसपा की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।
बैठक की अध्यक्षता बुंदेलखंड एवं चित्रकूट धाम मंडल प्रभारी लालाराम अहिरवार ने की। वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में चित्रकूट धाम मंडल प्रभारी विक्रम सिंह जाटव और विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य मंडल कोऑर्डिनेटर बलदेव प्रसाद वर्मा मौजूद रहे। बैठक के दौरान पदाधिकारियों को पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा सुप्रीमो कुमारी मायावती के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं धारदार बनाने पर जोर दिया गया।

पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ मैदान में उतरें कार्यकर्ता
बैठक को संबोधित करते हुए बुंदेलखंड एवं चित्रकूट धाम मंडल प्रभारी लालाराम अहिरवार ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की यह जिम्मेदारी है कि वह बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करे। पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ ‘मिशन-2027’ की सफलता के लिए अभी से जुट जाएं।
मुख्य मंडल कोऑर्डिनेटर बलदेव प्रसाद वर्मा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि, “यदि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पूरी ताकत से मैदान में उतरें, तो वर्ष 2027 में प्रदेश में पूर्ण बहुमत की बसपा सरकार बनाना पूरी तरह संभव है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर पार्टी का संदेश और नीतियां पहुंचाने की अपील की।
इन प्रमुख पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अहम समीक्षा बैठक में बांदा जिलाध्यक्ष रामसेवक प्रजापति, चित्रकूट जिलाध्यक्ष शिवबाबू, महोबा जिलाध्यक्ष गंगादीन अहिरवार और हमीरपुर जिलाध्यक्ष छोटेलाल वर्मा ने अपनी-अपनी टीमें के साथ हिस्सा लिया।
इसके अलावा रामशरण अनुरागी, मान सिंह कुशवाहा, अवधेश दिनकर, शिकरन दिनकर, रामफूल निषाद, मौदहा के चेयरमैन रजा मोहम्मद, राजेंद्र वर्मा, अरविंद वर्मा, चित्रकूट धाम मंडल प्रभारी (बाँदा) लल्लू निषाद, मलखे श्रीवास, शिवबरन वर्मा सहित मंडल के सभी विधानसभा अध्यक्ष, जिला संयोजक, भाईचारा कमेटी, वीवीएफ (VVF) और बामसेफ के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को युद्ध स्तर पर चलाने का संकल्प लिया।
