बांदा : नाले में लापता महिला का 24 घंटे बाद मिला शव, गांव में मातम

  • चिल्ला थाना क्षेत्र के दतरौली गांव की घटना, झाड़ियों में फंसा मिला शव
  • गोताखोरों और पुलिस ने रातभर चलाया सर्च अभियान, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

बांदा। चिल्ला थाना क्षेत्र के दतरौली गांव में नाले में लापता हुई महिला का शव करीब 24 घंटे बाद बरामद होने से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से लगातार तलाश अभियान चलाया। शुक्रवार सुबह घटनास्थल से कुछ दूरी पर नाले के घुमावदार मोड़ पर झाड़ियों और चारे के बीच महिला का शव फंसा मिला।

जानकारी के अनुसार दतरौली गांव निवासी जोगा यादव की पत्नी रेखा यादव (35 वर्ष) गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे रोज की तरह शौच के लिए गांव के पास बह रहे नाले की ओर गई थीं। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। नाले के किनारे उनकी चप्पल मिलने के बाद परिजनों ने आशंका जताई कि वह तेज बहाव में बह गई हैं।

सूचना पर चिल्ला थाना प्रभारी आनंद साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की सहायता से सर्च अभियान शुरू कराया। नाले में जाल भी डलवाया गया, लेकिन देर शाम तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला। रातभर पुलिस ने मौके पर पिकेट तैनात रखी और तलाश जारी रखी।

शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू किए गए अभियान के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर नाले के घुमावदार मोड़ पर झाड़ियों में महिला का शव फंसा मिला। शव बरामद होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतका के पति जोगा यादव ने बताया कि उनकी पत्नी रोज की तरह घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। मृतका अपने पीछे दो बेटियां आशा और सीमा, तथा एक बेटा आर्यन छोड़ गई हैं।

थाना प्रभारी आनंद साहू ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका पिछले सात वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित थीं और कानपुर के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *