राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, एएसपी अविनाश पांडेय की बर्खास्तगी और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग
बांदा। मेरठ की छात्रा ललिता हत्याकांड की सीबीआई जांच, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा एएसपी अविनाश पांडेय की बर्खास्तगी की मांग को लेकर रविवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने बांदा में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने कहा कि मेरठ में न्याय की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमों की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए। संगठन ने आरोप लगाया कि ललिता हत्याकांड की जांच अपेक्षित गति से नहीं हो रही है और अब तक सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है
ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाए, सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही एएसपी अविनाश पांडेय को जांच पूरी होने तक निलंबित कर निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई गई।
संगठन ने प्रदर्शन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने, घायलों को उचित उपचार एवं मुआवजा देने तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की भी मांग की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक मनोज रस्तम ने की। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है तथा पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक संगठन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।
