बांदा। जनपद के नरैनी तहसील क्षेत्र में समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत के निस्तारण के दौरान सरकारी टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। चक रोड से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम के साथ कथित तौर पर अभद्रता की गई। इस दौरान महिला लेखपाल के साथ बदसलूकी किए जाने और उपनिरीक्षक (SI) की वर्दी फाड़ने का भी आरोप है। घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना गिरवा क्षेत्र में रामरतन नामक व्यक्ति द्वारा सरकारी चक रोड पर किए गए कथित अतिक्रमण की शिकायत समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के समक्ष की गई थी। शिकायत के निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
इसी दौरान आरोप है कि रामरतन और उसकी पत्नी ने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। महिला लेखपाल की तहरीर के अनुसार, दोनों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
बताया गया कि जब मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक ने स्थिति को नियंत्रित करने और रामरतन को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत थाने ले जाने का प्रयास किया, तब उसकी पत्नी कथित रूप से आक्रामक हो गई। आरोप है कि उसने उपनिरीक्षक को पीछे से पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और धक्का-मुक्की के दौरान उनकी वर्दी भी फाड़ दी।
महिला लेखपाल की तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी रामरतन के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई भी की है। वहीं घटना से जुड़े अन्य आरोपों की जांच क्षेत्राधिकारी नरैनी द्वारा की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, राजस्व एवं पुलिस टीम पर हमला करने तथा सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
