बांदा। जनपद बांदा के अतर्रा क्षेत्र स्थित भूरा यादव का पुरवा के ग्रामीणों ने वर्षों से खराब पड़े कच्चे मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी हाथों में “सड़क नहीं तो स्कूल नहीं” लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए और प्रशासन से जल्द सड़क बनवाने की मांग की।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि अतर्रा केन-कैनाल कार्यालय से नहर पटरी स्थित भूरा यादव का पुरवा तक लगभग एक किलोमीटर लंबा कच्चा मार्ग वर्षों से जर्जर अवस्था में है। बरसात के मौसम में यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ती है, जिन्हें विद्यालय पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत या निर्माण का कार्य नहीं कराया गया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कच्चे मार्ग पर तत्काल गिट्टी और मोरम डालकर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि लोगों और विद्यार्थियों को राहत मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने “रोड नहीं तो स्कूल नहीं” के नारे लगाते हुए बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
