महोबा में कुल्हाड़ी से सनसनीखेज हमला, युवक के दोनों हाथ काटे, कथित बीजेपी नेता समेत साथियों पर आरोप

कानपुर-सागर हाईवे पर दिनदहाड़े खूनी वारदात, गंभीर हालत में झांसी रेफर; पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में कानपुर-सागर हाईवे पर हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के समदनगर स्थित चंदेल पेट्रोल पंप के सामने 28 वर्षीय जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की पर धारदार कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले में युवक के दोनों हाथ कलाई के पास से लगभग कट गए, जबकि पैर और सिर पर भी गंभीर चोटें आईं। घायल की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

परिजनों के अनुसार, विक्की पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने पहुंचा था, तभी हमलावरों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित की मां भी मौके पर पहुंच गईं और बेटे के कटे हुए हाथों को कपड़े से बांधने का प्रयास करती रहीं।

घायल के पिता राजा बाबू सिंह और भाई आलोक सिंह ने इस हमले के लिए मोहल्ले के निवासी एवं भाजपा नेता शिवप्रताप सिंह परमार तथा उसके साथियों को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. शिशुपाल ने बताया कि घायल की स्थिति अत्यंत गंभीर है। दोनों हाथ लगभग अलग हो चुके थे, जबकि पैर और सिर पर भी धारदार हथियार के गहरे घाव हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए झांसी रेफर किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि पीआरवी के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में एक पूर्व परिचित व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई है, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना के सभी पहलुओं की जांच के लिए पुलिस टीमों का गठन कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *